डेराबस्सी। मुबारिकपुर में स्थित फोकल पॉइंट में एक फैक्टरी के शेड की मरम्मत करने आए एक कारीगर की लिफ्ट का तार टूटने के कारण 40 फीट नीचे गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय दविंदर सिंह के रूप में हुई है। उसके परिवार में पत्नी के साथ दो बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार फोकल पॉइंट स्थित पटियाला पैकर्स फैक्टरी में शेड की मरम्मत करने के लिए पटियाला से दो कारीगर पहुंचे थे। इनमें संत अतर सिंह कॉलोनी, पटियाला निवासी 42 वर्षीय दविंदर सिंह अपने एक साथी के साथ शेड की मरम्मत के लिए आया था। यह दोनों 80 फीट ऊपर चढ़कर शेड की मरम्मत के लिए वेल्डिंग कर रहे थे। दोपहर को दविंदर सिंह लिफ्ट से नीचे आ रहा था तो इसी बीच जब वह आधे रास्ते में पहुंचा तो करीब 40 फीट की ऊंचाई से ही लिफ्ट का तार अचानक टूट गया। इससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट का बंद दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया। इस हादसे के बाद बड़ी संख्या में मृतक के परिजन मुबारिकुपुर थाने में जमा हो गए, उन्होंने आरोप लगाया कि घायल को अस्पताल ले जाने में देेरी करके लापरवाही की गई है, इस कारण उसकी मौत हुई है।
मृतक के साथ आए उसके साथी वरिंदर सिंह निवासी पटियाला ने बताया कि वह अपने उस्ताद के साथ शेड की मरम्मत के लिए आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत में घायल दविंदर को अस्पताल ले जाने के लिए फैक्टरी में कोई वाहन नहीं मिला। इसके बाद फैक्टरी प्रबंधन ने उन्हें पास के डेराबस्सी अस्पताल ले जाने के बजाए जीरकपुर के एक निजी अस्पताल से एंबुलेंस बुलाई, जो कि देर से आई और बाद में भारी ट्रैफिक जाम होने के कारण अस्पताल पहुंचने में भी देरी हुई। जब वह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुबारिकपुर थाना प्रभारी सतनाम सिंह ने बताया कि शव को जीरकपुर के निजी अस्पताल से कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल डेराबस्सी की की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई है और फैक्टरी प्रबंधन पर मौके पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने और हादसे के बाद लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि फैक्टरी प्रबंधन को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।