जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला हाइवे पर मैट्रो माल के नजदीक बने फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट लगाने का काम शुरू हो गया है। एनएचएआई द्वारा फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट की इंस्टॉलेशन के लिए काम शुरू होने से आने दिनों में बुजुर्गों और विकलांगों को सड़क पार करने में काफी मदद मिलेगी।
चंडीगढ़-अम्बाला हाईवे पर दो फुटओवर ब्रिज है, पहला फुट ओवर ब्रिज मेट्रो के नजदीक है और दूसरा फुट ओवर ब्रिज मैकडी चौंक के नजदीक बनाया गया है। दोनों जगह फुटओवरब्रिज के दोनों तरफ लिफ्ट लगनी है यानि एक तरफ से चढ़ने के लिए और दूसरी तरफ से उतरने के लिए। पहले मेट्रो के नजदीक काम किया जा रहा है, यहां एक लिफ्ट को इंस्टाल करने में ही 15 दिन का समय लगेंगे।
चारों लिफ्ट लगने के बाद उनका ट्रायल लिया जाएगा और फिर उसे लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। लिफ्ट को चलाने के लिए सिंगल फेस का जनरेटर सेट अलग से रखा जाएगा। फिलहाल इंस्टॉलेशन में ही एक महीने से ज्यादा का समय लग जाएगा।
शहर की आबादी करीब पांच लाख हो गई है और आबादी बढ़ने के साथ वाहनों की संख्या भी बढ़ रही है। ट्रैफिक बढ़ने से राहगीरों को सड़क पार करने में काफी परेशानी हो रही थी। शहर में कुछ ऐसे पॉइंट हैं जहां से सड़क पार करने वालों की संख्या काफी अधिक है। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर मेट्रो स्टोर के सामने से रोजाना सैकड़ों लोग सड़क पार करते हैं।
शहर की एक बड़ी आबादी हाईवे से सटे वीआईपी रोड पर रहती है जो दफ्तरों के अलावा स्कूल और कॉलेजों में जाने के लिए इसी हाईवे से साधने लेती है। इस मुख्य सड़क पर कोई कट नहीं था। फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की लंबे समय से मांग की जा रही थी। जिसके बाद एनएचएआई द्वारा हाइवे पर 2 फुट ओवर ब्रिज बना कर लोगों के लिए चालू कर दिए। फिलहाल फुट ओवरब्रिज का लाभ बुजुर्गों और विकलांगों को नहीं मिल रहा है लेकिन लिफ्ट लगने के बाद इन लोगों को भी सहूलियत मिल जाएगी।