खरड़। एक महिला ने अपने पति पर मारपीट करने, अवैध संबंधों के चलते परेशान करने और तलाक मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी शिकायत में आदर्श नगर मुंडी खरड़ निवासी एक महिला ने शिकायत में लिखा है कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है। क्योंकि उसके पति के किसी महिला से अवैध संबंध हैं। उसका पति उसे तलाक देने की धमकियां भी देता है। महिला ने शिकायत में लिखा है कि उसकी 17 व 16 साल की दो बेटियां हैं। जिनके साथ वह ससुराल में अलग कमरा लेकर रह रही है। उसकी सास, ससुर, देवर आदि भी उसे घर से निकल जाने को कहते रहते हैं और बिजली और पानी आदि बंद करने की धमकियां देते रहते हैं।
उसने आगे लिखा है कि वह एक घरेलू महिला है परंतु उसका पति उसे कोई खर्च नहीं देता है। इस संबंधी उसने माननीय अदालत में खर्चे का केस भी डाला हुआ है जो कि विचाराधीन है। महिला ने आरोप लगाया है कि 8 अक्तूबर को उसके पति ने अपने माता-पिता और भाई के साथ मिलकर उसकी बेटियों समेत उसके साथ मारपीट की थी। जिसकी वीडियो भी बनाई थी, परंतु उसके ससुराल परिवार ने उनका मोबाइल फोन बुरी तरह तोड़ दिया था। इस संबंधी सन्नी एनक्लेव पुलिस चौकी के इंचार्ज अजय कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।