खरड़। दिल्ली से ऊना जा रही जन शताब्दी ट्रेन में एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया है। जैसे ही यह ट्रेन खरड़ रेलवे स्टेशन पर रुकी और स्टाफ को संभावित प्रसव की सूचना मिली तो तुरंत एंबुलेंस को बुलाया गया। एंबुलेंस के आते ही डॉक्टरों की देखरेख में महिला ने ट्रेन के अंदर ही बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद महिला को तुरंत सरकारी अस्पताल खरड़ में लाया गया। यहां के डॉक्टरों ने उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ के लिए रैफर कर दिया। खरड़ रेलवे स्टेशन के बुकिंग क्लर्क हरदीप चौहान ने बताया कि वह अस्पताल में मां और बच्ची की देखभाल कर रहे हैं। लेकिन अभी तक महिला का घर कहां पर है इसका पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि महिला के पहले ही दो बच्चे हैं और महिला अपने आप को हिमाचल के ऊना के पास गांव बड़हेड़ा की रहने वाली बता रही है। उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। संवाद