खरड़। पंजाब की एंबुलेंस सेवा ने एक बार फिर अपनी त्वरित प्रतिक्रिया और उत्कृष्ट सेवा भावना का उदाहरण पेश किया। खरड़ जाते समय एक गर्भवती महिला ने एंबुलेंस में ही बच्ची को जन्म दिया। जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय कामिनी पत्नी शिवा कुमार, गेटवे सिटी (खरड़–लुधियाना हाईवे) से सिविल अस्पताल खरड़ ले जाई जा रही थीं। रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा बढ़ने पर इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन जगसीर सिंह ने तत्काल स्थिति संभाली और एंबुलेंस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया। इस दौरान एंबुलेंस चालक सुरिंदर कुमार ने संयम और सावधानी के साथ वाहन को सुरक्षित रूप से अस्पताल की ओर बढ़ाया। प्रसव के बाद मां और नवजात को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर सिविल अस्पताल खरड़ में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की स्थिति स्थिर बताई गई है।