मोहाली। महिला को दहेज के लिए परेशान कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला शुभलीन शर्मा की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति और सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान राहुल शर्मा (पति) और पूनम शर्मा (सास) निवासी गोबिंद कॉलोनी खरड़ के रूप में हुई है।शुभलीन शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी उक्त आरोपी के साथ नवंबर, 2016 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से उसे उसके पति के किसी और लड़की के साथ संबंध होने का पता चला। पीड़िता ने इस बारे में जब पति से पूछा तो वह उसको गालियां देने लगता और इस बात को लेकर मारपीट भी करता था। वहीं, कुछ दिन बाद उसका पति और उसकी सास उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे और दहेज को लेकर मारपीट भी करते थे। इससे परेशान होकर उसने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी। इसकी जांच डीएसपी ने करके रिपोर्ट एसएसपी कार्यालय को सौंपी। इसके बाद एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस आरोपी पति और सास की तलाश कर रही है।