मोहाली। महिला ने पति और ससुराल परिवार पर जबरदस्ती संबंध बनाने और बच्चे के लिए दबाव डालने के आरोप लगाए हैं। महिला का तीन बार गर्भपात हो चुका है और इसके बाद चौथी और पांचवीं बार गर्भवती होने पर दोनों ट्यूब भी निकाली जा चुकी हैं, लेकिन पति अभी भी उसकी जान दांव पर रखकर बच्चा चाहता है। आरोपी पति की पहचान जगजीत सिंह निवासी गांव राणियां, जिला अमृतसर के रूप में हुई है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता गुरशरण कौर निवासी गिलको हाइट्स ने बताया कि पहली शादी से उसका एक नौ साल का बेटा है। पति की मौत के बाद से वह अकेली थी। उसकी सोशल मीडिया पर जगजीत सिंह से बातचीत होने लगी थी। इस दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और 26 नवंबर, 2018 को सिख रीति-रिवाज से दोनों की शादी हो गई। इसके बाद वह तीन बार गर्भवती हुई, लेकिन तीनों की बार गर्भपात हो गया। चौथी बार जब गर्भवती हुई तो बच्चा ट्यूब में होने के कारण ट्यूब को निकालना पड़ा। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें तीन साल तक गर्भधारण करने के लिए मना कर दिया था। लेकिन आरोपी पति ने उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाकर गर्भवती करने की कोशिश की। इसके बाद अगले साल वह फिर पांचवीं बार गर्भवती हुई, लेकिन उसकी दूसरी ट्यूब भी निकालनी पड़ी। अब डॉक्टर के मुताबिक उसके मां बनने की 50 प्रतिशत ही उम्मीद है। इस कारण दोनों के बीच झगड़ा होता रहा और ससुराल पक्ष उसे मानसिक तौर पर परेशान करने लगा। उस पर लगातार बच्चा पैदा करने के लिए दबाव डालने लगे। इससे परेशान होकर पीड़िता ने एसएसपी मोहाली कार्यालय में शिकायत दी। उसकी शिकायत की जांच वुमन सेल इंचार्ज ने की और इसके बाद एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने केस दर्ज करने का आदेश दिया।
पुलिस पर मिलीभगत के आरोप
फिलहाल आरोपी जगजीत सिंह ने अपनी पत्नी को उसके बेटे समेत घर से निकाल दिया है और खर्च भी नहीं दे रहा है। पीड़िता के परिवार में सिर्फ एक विधवा मां है। वह एक किराए के मकान में नौ साल के बेटे के साथ रह रही है और मामूली नौकरी करके गुजारा कर रही है। पीड़िता ने बताया कि अब तक वह दस से भी ज्यादा शिकायतें थाने में दे चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब उसने एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी तब जाकर आरोपी पर एक केस दर्ज हुआ है। उसने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मिलीभगत के कारण अभी तक आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं की थी।