खरड़। महिला मित्र की हत्या मामले में गिरफ्तार एक अफ्रीकन जेवियर चिकोपेला ने बुधवार देर रात सन्नी एनक्लेव पुलिस चौकी की हवालात में फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली थी। बेशक इस मामले में ज्यूडिशियल जांच चल रही है, लेकिन हवालात में जेवियर ने जिस रस्सी से फंदा लगाया, वह उसके पास कैसे पहुंची, यह राज बरकरार है। आलाधिकारी इस पर बात करने से कतरा रहे हैं। उनका सिर्फ यही कहना है कि ज्यूडिशियल जांच चल रही है।
शुक्रवार को भी पूरा दिन सन्नी चौकी का गेट बंद था। अंदर क्षेत्र मजिस्ट्रेट ने घटना के समय पुलिस चौकी में तैनात सभी मुलाजिमों के बयान रिकाॅर्ड किए हैं। सूत्रों के अनुसार सभी से अकेले में पूछताछ गई है। वहीं, हवालात के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी एक पेन ड्राइव में डालकर रिकाॅर्ड में ले ली गई है। शुक्रवार को पूरा दिन पुलिस आलाधिकारी बात करने से बचते रहे। पुलिस चौकी में केस से संबंधित आने वाले लोगों को भी लौटा दिया गया। क्षेत्र मजिस्ट्रेट ने मामले की लगभग रिपोर्ट तैयार कर ली है, जिसे बंद लिफाफे में ज्यूडिशियरी को सौंपा जाएगा। उसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुलाजिमों पर गिर सकती है गाज
ज्यूडिशियल जांच पूरी होने के बाद सन्नी चौकी के पुलिस मुलाजिमों पर गाज गिर सकती है। कुछ मुलाजिमों की लापरवाही के चलते सस्पेंड भी किया जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि हवालात में कैदी का सुसाइड करना पुलिस की बड़ी लापरवाही का नतीजा है।
अनसुलझे सवाल... जिनका जवाब पुलिस नहीं दे पा रही
-अगर जेवियर रस्सी साथ लेकर आया था तो हवालात में बंद करते समय पुलिस ने उसकी तलाशी क्यों नहीं ली? अगर हवालात में रस्सी पहले ही पड़ी तो वह वहां क्यों रखी गई थी?
-हवालात के बाहर संतरी मौजूद क्यों नहीं था? अगर था तो जेवियर के फंदा लगाते समय वह कहां था?
-यह भी सुनने में आया है कि चौकी इंचार्ज पूछताछ के दौरान चौकी में मौजूद नहीं था। बिना चौकी इंचार्ज की मौजूदगी में जेवियर से पूछताछ किसने करनी थी?
-पुलिस का कहना है कि मृतक जेवियर ने मानसिक दबाव में यह कदम उठाया। ऐसा कौन सा मानसिक दबाव था जिस कारण उसने हवालात में ही खुदकुशी कर ली? यह तो नहीं कि पुलिस ने अपनी पूछताछ में जेवियर पर इतना ज्यादा मानसिक दबाव डाला जिस कारण उसने आत्महत्या कर ली या इसके पीछे कोई और कारण हो सकता है।
क्या था मामला
दोनों चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में फस्ट ईयर के छात्र थे। 14 नवंबर को तंजानिया की विदेशी छात्रा नूरो मारिया का शव क्राउन सिटी खानपुर खरड़ में मिला था। पुलिस द्वारा पहले इस मामले को आत्महत्या का मामला समझा जाता रहा परंतु शव का पोस्टमार्टम होने के बाद सामने आया कि नूरो मारिया का कत्ल किया गया है। उसकी गर्दन पर निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार नूरो मारिया की गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले की गहराई से जांच की तो पता चला कि नूरो और जेवियर आपस में अच्छे दोस्त थे और इकट्ठे ही घूमते-फिरते थे। पुलिस ने जांच आगे बढाई तो नूरो के अन्य साथियों ने बताया कि उसका जेवियर से कनेक्शन था। जेवियर अक्सर उसके घर आता-जाता था। जब पूछताछ की तो सामने आया कि जेवियर ने उसकी हत्या की थी।