मोहाली। कोरोना महामारी से जंग के खिलाफ पंजाब सरकार के लॉकडाउन के आदेश के बाद भी जब घरों से निकलने से नहीं रुके तो आखिर सोमवार दोपहर राज्य सरकार ने कर्फ्यू लगा दिया। इसके साथ ही सीमाएं सील कर दीं।
इसके बाद पुलिस ने सारी दुकानें बंद करवा दीं। अफसर रोड पर उतर गए। सड़कों पर फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को कहा कि वे बिना वजह से घरों से न निकले वरना उन पर कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल इस दौरान खुद एरिया में सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि यह एक मुश्किल समय है। सरकार और पुलिस की कोशिश है कि राज्य के लोग तंदुरुस्त रहे, इसलिए सख्ती की जा रही है।
एसडीएम जगदीप सहगल और पुलिस के सीनियर अधिकारी फील्ड में उतर गए थे। लोगों को बार-बार आगाह किया जा रहा था कि पांच से अधिक लोग न जुटें लेकिन प्रशासन के आदेशों के बाद भी लोग सुधर नहीं रहे थे। इस पर दस बजे के बाद पुलिस ने सख्ती कर दी। एयरोसिटी, नयागांव और बलौंगी में कई जगह हुड़दंग मचाने वालों पर लाठियां तक भांजी गई। यह चीज देखी गई। इसके बाद बाद दोपहर को प्रशासन ने कर्फ्यू की घोषणा कर दी।
इन लोगों को कर्फ्यू में मिलेगी छूट
एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने कहा कि कर्फ्यू के दौरान सिर्फ उन लोगों को घरों से बाहर जाने के लिए छूट मिलेगी। जिन लोगो ने राशन, दूध और दवा लेनी हो। इसके साथ ही इमरजेंसी में भी लोग निकल सकेंगे। एसएसपी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बिना वजह घर से बाहर न निकलें। अगर वह घर पर ही रहेंगे तो ही कोरोना वायरस को हरा सकते है।
पूरे शहर में छाया रहा सन्नाटा
रविवार की तरह सोमवार को भी पूरे शहर की सड़कों व मार्केटों में सन्नाटा छाया रहा। सिर्फ वही दुकानें खुली थी जिनसे लोगों ने रोजाना का सामान खरीदना था। उसके अलावा शहर में सभी लोग भी अपने-अपने घरों के अंदर ही रहें।
कर्फ्यू लगा तो शराब के ठेके भी करवाए बंद
दो बजे के बाद जैसे ही पंजाब में कर्फ्यू की घोषणा हुई, उसके तुरंत बाद शहर में भगदड़ मच गई। शहर में ज्यादातर खुली पड़ी करियाना की दुकानें, दवा की दुकानों और रेस्टोरेंटों को तुरंत पुलिस ने बंद करवाना शुरू कर दिया। साथ ही शहर में खुले पड़े शराब के ठेके भी बंद करवाए गए। एसएसपी कुलदीप सिंह चाहल ने खुद फेज 7 और 3बी2 में जाकर शोरूम बंद करवाए और बैंकों को भी बंद करवाया गया। साथ ही पुलिस द्वारा नियुक्त किए गए नोडल अफसर डीएसप अमरोज सिंह ने भी मोर्चा संभाला।
लोगों को घरों पर रुकने का संदेश देने के लिए पुलिस उतरी गांधीगिरी पर
शहर में आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस जोन 1 ने स्पेशल रास्ता अपनाया। शहर में कर्फ्यू लगने के बाद भी आवाजाही शहर की सड़कों पर जारी थी। इसके बाद जोन-1 के इंचार्ज नरिंदर सूद ने अपनी टीम के साथ फेज-3 व5 की लाइट प्वाइंट पर सड़क के बीच खड़े होकर हाथों में पोस्टर लेकर लोगों को जागरूक किया। सूद ने लोगों से कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए वे अपने घर पर रहे और सावधानियां बरतें।