मोहाली। आंदोलनरत नर्सिंग स्टाफ ने वीरवार को प्रदर्शन के दौरान बैनर-पोस्टर फाड़ने पर चक्का जाम का एलान किया तो मोहाली एम्स की डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. भवनीत भारती ने शुक्रवार को मौके पर आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। जब कुछ नर्सिंग स्टाफ के मेंबर लिखित में जब सूचना देने गए, तो डॉ. भवनीत भारती ने कहा कि उन्होंने बैनर फाड़े नहीं हैं, उतारे हैं। इससे पहले डीसी और एसएसपी को मामले की जानकारी दी कि शुक्रवार सुबह 10 से 12 बजे तक चक्का जाम करेंगे और रूट भी साझा कर दिया है। रूट के अनुसार मोहाली में फेज-6 अस्पताल से वेरका चौक तक मार्च निकाला जाना था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एमएस डॉ. नवदीप सैनी, एसएमओ और एसपी मौके पर पहुंचे और बैठक का न्योता दिया। स्टाफ ने कहा कि वे बैठक में नहीं जाएंगे। इसके बाद डॉ. भवनीत भारती खुद बैठक स्थल पर आईं। उन्होंने कहा कि उनका इरादा स्टाफ को अपमानित करने का नहीं था। वे भविष्य में सभी निर्णयों में सहयोग और सम्मान बनाए रखेंगी।
फेज-6 स्थित एम्स मोहाली में शुक्रवार को नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रबंधन के बीच सुलह को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. भवनीत भारती ने कहा कि वे हमेशा नर्सिंग स्टाफ के योगदान की सराहना करती हैं, भविष्य में सभी के साथ मिलकर सकारात्मक माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यूनाइटेड नर्सिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब ने इस कदम का स्वागत किया और आशा जताई कि भविष्य में प्रबंधन और नर्सिंग स्टाफ के बीच आपसी सम्मान और समझदारी का माहौल बना रहेगा। इससे पहले पटियाला में राजिंद्रा अस्पताल से फव्वारा चौक तक और अमृतसर में गुरु नानक देव अस्पताल से फोरलैस चौक तक नर्सिंग स्टाफ ने रोष मार्च निकालकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मार्च के दौरान पूरे इलाके में जाम लग गया।
यह था मामला
एक माह से मोहाली एम्स, अमृतसर और पटियाला के यूनाइटेड नर्सिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब का स्टॉफ अपनी 4600 ग्रेड पे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरने और प्रतीकात्मक प्रदर्शन कर रहे थे। वीरवार को मोहाली एम्स में ऑफ-ड्यूटी नर्सिंग स्टाफ ने बैनर और पोस्टर लगाकर प्रतीकात्मक रोष प्रदर्शन किया। तभी डॉ. भवनीत भारती स्थल पर पहुंचीं। स्टाफ का कहना है कि उन्होंने बैनर और पोस्टर फाड़ दिए और कहा कि आप लोग रास्ता ब्लॉक कर रहे हैं। इस वजह से माहौल तनावपूर्ण हो गया और नर्सिंग स्टाफ में चिंता और नाराजगी फैल गई। जब राज्यस्तर पर पता चला कि बैनर फाड़े गए हैं, तो स्टाफ ने चक्का जाम का ऐलान कर दिया।