मोहाली। बलौंगी थाने के तहत पड़ते बड़माजरा में एक होटल के बाहर वेल्डिंग का काम करने वाले व्यक्ति पर कुछ लोगों ने कातिलाना हमला कर दिया। हमलावरों ने सिर पर खाना बनाने वाली कड़छियों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसका सिर फट गया। पूरी वारदात होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हमले में जगदीप सिंह घायल हुआ है, जिसके सिर पर 10 टांके लगे हैं। जगदीप ने मामले की शिकायत बलौंगी थाने में दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जगदीप का आरोप है कि पुलिस ने उस पर कातिलाना हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, जबकि पुलिस ने जिन दो लोगों को हिरासत में लिया है, वह हमलावर के साथी थे। जगदीप ने कहा कि पुलिस को हमले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करना चाहिए।
वारदात मंगलवार दोपहर 3 बजे की है। बड़माजरा में ग्रीन होटल के बाहर जगदीप सिंह वेल्डिंग का काम कर रहा था। उसने ग्रिल काटकर अपने होटी की हद में रखी थी। उसी दौरान वहां से एक युवक निकला जो शराब के नशे में धुत था। जगदीप का कहना है कि युवक उनके होटल के साथ पड़ते एचसी होटल में काम करता है। शराबी युवक का पैर ग्रिल से टकरा और उसके पांव से खून बहने लगा। वह उनके होटल के बाहर खड़ा होकर गालियां देने लगा तो उसके साथी राजू ने उसे ऐसा करने से रोका। जगदीप ने कहा कि उसने भी शराबी युवक के सामने अपनी गलती मानी, लेकिन उसने अपने होटल का स्टॉफ बुला लिया और सभी ने उस पर हमला कर दिया। शराबी युवक ने उसके सिर पर कड़छी से वार किए और उसका सिर फट गया। बाद में उसे सिविल अस्पताल खरड़ में भर्ती करवाया गया।
कोट्स
मामला मेरे ध्यान में है। पुलिस को बयान दर्ज करने के लिए बोल दिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-कर्ण संधू, डीएसपी खरड़।