मोहाली। फेज 3बी2, फेज 7, मटौर चौक, सेक्टर-70, सेक्टर-71 व आसपास के क्षेत्रों में हर बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या एक बार फिर चर्चा में है। मटौर से एन चौक तक 100 फीट सड़क पर स्टॉर्म वॉटर सिस्टम बिछाने के लिए नगर निगम ने तैयार किया करीब सात करोड़ रुपये की तकनीकी मंजूरी न मिलने के कारण कई महीनों से लंबित है। डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने बताया कि प्रस्ताव से संबंधित सभी जरूरी सुधार जैसे चंडीगढ़ से आने वाले 15 एकड़ के सरफेस रन-ऑफ का सर्वे, रेनफॉल इंटेंसिटी, सड़क कनेक्टिविटी और डिजाइन विवरण मुख्य दफ्तर को भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद मुख्य इंजीनियर समिति हर बार नए आपत्ति नोट कर फाइल वापस भेज देती है, जिससे प्रोजेक्ट पिछले पांच महीनों से रुका हुआ है।
बेदी ने कहा कि बारिश के दौरान मटौर, कुंभड़ा चौक और कई सेक्टरों में घुटनों तक खड़ा पानी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो से तीन सप्ताह में प्रस्ताव मंजूर कर आगे नहीं बढ़ाया गया, तो वह मजबूर होकर निदेशक कार्यालय के बाहर धरना देंगे। उन्होंने कहा कि सात करोड़ के सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट से पहले स्टॉर्म वॉटर लाइन बिछना बेहद जरूरी है, ताकि बाद में सड़क दोबारा खोदने से जनता का पैसा व संसाधन बर्बाद न हों।