पटियाला रोड पर होटल रेडिसन के आगे भरा बारिश का पानी
पटियाला रोड पर होटल रेडिसन के बाहर सड़क हुई लबालब, सुखना चो भी बह रही उफान पर
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। जीरकपुर में रविवार रात 12 बजे से हो रही बारिश के कारण चारों तरफ जलभराव की स्थिति बन गई है। बहुत से क्षेत्र में पानी भरने के कारण लोगों को परेशानी से गुजरना पड़ रहा है। पटियाला जीरकपुर हाईवे पर स्थित होटल रेडिसन के बाहर चारों तरफ पानी भर गया है। इस कारण वाहनों की रफ्तार भी थम गई है।
पभात रोड, शिवालिक विहार, वीआईपी रोड, ढकोली एवं पीरमुछल्ला की बहुत सी सोसाइटियों के साथ-साथ बलटाना क्षेत्र में जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा नगला रोड पर भी स्थिति बदतर बनी हुई है क्योंकि यहां सड़क भी टूटी है और ऊपर से बरसात का पानी भी भर गया है। इस कारण लोग पानी में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दिन में 2 बजे तक कुछ क्षेत्रों में पानी निकल चुका था लेकिन कुछ क्षेत्रों में स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इसके अलावा बारिश के कारण और सुखना झील के फ्लड गेट खोले जाने के कारण सुखना चो में भी भारी मात्रा में पानी बह रहा है। यह पानी बलटाना क्षेत्र में सुखना चो के ऊपर बने पल के साथ छूकर बह रहा है। इस कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। कुछ दिन पहले सुखना चो में आए पानी के कारण पुलिस चौकी बलटाना में भी पानी घुस गया था। इस कारण चौकी में पुलिसकर्मियों को काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कोट
वैसे तो हमने शहर में पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध किए हुए हैं। फिर भी कहीं कोई ब्लॉकेज होने के कारण जलभराव की स्थिति बनती है तो उसे तुरंत ठीक करवाया जा रहा है।
-जितेंद्र सिंह बैंस, एसडीओ, नगर परिषद जीरकपुर