डेराबस्सी। आदर्श नगर में दो दिनों से पानी की किल्ल्त से लोग परेशान हैं। आदर्श नगर में पानी की सप्लाई करने वाले दोनों ट्यूबवेल खराब होने के कारण यह समस्या आ रही है। भीष्ण गर्मी में दो दिन से लोग पानी को तरस रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर काउंसिल के अधिकारियों से समस्या का हल निकालने की मांग की है।
इस संबंधी स्थानीय निवासी दिग्विजय महेंद्रू, संजीव बग्गा, सतनाम बग्गा, रुपिंद्र सिंह, पंकज शर्मा, मनप्रीत सिंह, आशु कुमार सहित अन्य ने बताया कि पिछले दो दिन से उनकी कालोनी में एक बूंद भी पानी की सप्लाई नहीं हुई। इस संबंधी नगर काउंसिल के अधिकारियों को सूचित करने के बावजूद समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी कालोनी में पानी की सप्लाई सरकारी स्कूल में लगे ट्यूबवेल व सरस्वती विहार में लगे ट्यूबवेल से की जाती है लेकिन दोनों के खराब होने के कारण यह समस्या आ रही है। नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी बरिंद्र सिंह ने कहा कि मामला ध्यान में आने के बाद समस्या का हल करवा दिया जाएगा।