पावरकॉम के मोही कलां ग्रिड में भरा बारिश का पानी।
- फोटो : MOHALI
बनूड़/लांडरां। कई दिन से हो रही बारिश और पानी निकासी न होने के कारण पावरकॉम के बनूड़ उपमंडल के अधीन गांव मोही कलां के ग्रिड में तीन से चार फुट पानी जमा हो गया है। रविवार से समूचे क्षेत्र में बिजली की सप्लाई ठप पड़ी है। इस कारण 25 से ज्यादा गांवों में पीने वाले पानी की समस्या पैदा हो गई है। लोग पानी के टैंकर मंगवा कर काम चला रहे हैं।
बिजली सप्लाई ठप होनें से चितकारा यूनिवर्सिटी, ज्ञान सागर मेडिकल कॉलेज, सीगमा फैक्ट्री समेत समूचे कालेज और शिक्षण संस्थानों में अंधेरा छाया हुआ है। सभी संस्थान जनरेटर से काम चला रहे है। गांव सूरज गढ़, घड़ामा कलां, मोही कलां, मोही खुर्द, छड़बड़ का पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, खेड़ी गुरना, गारदी नगर, राम नगर और अन्य गांवों में बिजली बंद होने के कारण लोग रात जागकर काट रहे हैं। खबर लिखे जाने तक बिजली की सप्लाई बहाल नहीं हुई थी।
अधिकारी एक-दूसरे पर मड़ रहे आरोप
मोही कलां के संबंध में जानकारी हासिल करने के लिए जब एसडीओ बनूड़ को से बता की तो उन्होंने कहा कि हमारी सभी लाइनें ठीक हैं। ग्रिड के एसडीओ से संपर्क करो। ग्रिड के मुबारिकपुर एसडीओ से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि कुछ नहीं कह सकते। एक्सईएन से संपर्क करो। फिर एक्सईएन से बात की तो उन्होंने बताया कि हमारा ग्रिड ठीक है। आप 66 केवी लाइन से संबंधित एसडीओ से संपर्क करें। ऐसे ही सभी अधिकारी एक-दूसरे पर आरोप मड़ते रहे। ऐसे में क्षेत्र वासी परेशान हैं कि किस अधिकारी से बात करें। लोगों का कहना है कि अगर लाइन ठीक है तो बिजली सप्लाई क्यों नहीं चालू।