जीरकपुर। बारिश के बाद जीरकपुर शहर में जल-भराव की समस्या आम हो गई है। रविवार दोपहर को करीब 1:30 से लेकर 2:30 बजे तक हुई हल्की से बारिश से पटियाला-जीरकपुर हाईवे पर होटल रेडिसन के बिल्कुल आगे इतना पानी भर गया कि वाहनों की रफ्तार थम गई। इस कारण पटियाला की तरफ से जीरकपुर में दाखिल हो रहे वाहनों की की वजह से करीब एक किलोमीटर का लंबा जाम लग गया। शाम के 6:00 तक भी पानी भरा हुआ था। वहां से गुजरने वाले वाहन चालक परेशान नजर आए।
जलभराव के दौरान कई वाहन बंद हो गए। यहां से गुजरने वाले वाहन चालक जरनैल सिंह, शुभम, पवन कुमार, बलदेव सिंह ने कहा की इस पानी से बस या ट्रक जैसे बड़े वाहन को कुछ फर्क नहीं पड़ता लेकिन अपने दोपहिया वाहनों या छोटी कारों को यहां से निकलते हुए डर लग रहा है कि कहीं हमारी गाड़ी पानी के बीच ही बंद ना हो जाए। इसलिए प्रशासन को इस समस्या की ओर ध्यान देते हुए इसका स्थाई समाधान करना चाहिए। मामले में नगर परिषद जीरकपुर के एसडीओ सुखविंदर सिंह का कहना है कि पटियाला रोड पर जल भराव की जानकारी मिली है। जल्द ही कर्मचारी भेजकर इसे ठीक करवा दिया जाएगा।