खरड़। शहर के सुनार बाजार में सोमवार की देर रात को एक चोर चोरी की नीयत से दुकानों के पीछे से छत पर चढ़ गया। उसे कुछ लोगों ने देख लिया और शोर मचा दिया। लोगों को आता देख चोर ने छत से बाजार में छलांग लगा दी। तभी चौकीदार ने उसे देखकर शोर मचाकर रोक लिया और इसके बाद सभी लोगों ने उसके ऊपर डंडों से वार करके उसे दबोच लिया। चोर को पकड़ने के बाद सिटी पुलिस स्टेशन और 100 नंबर पर लोगों ने फोन किए, लेकिन मौके पर पुलिस नहीं पहुंची। इस पर लोग खुद ही चोर को पकड़कर सिटी पुलिस स्टेशन में ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान जब एक कारीगर युवक मोबाइल से वीडियो बनाने लगा तो एक पुलिस मुलाजिम ने उसको तीन चार थप्पड़ मार दिए और मोबाइल छीनकर रख लिया। इससे नाराज खरड़ के ज्वेलर्स दिन में डीएसपी कर्ण सिंह संधू से मिले और पुलिस मुलाजिम के दुर्व्यवहार के बारे में बताया। डीएसपी ने दुकानदारों को विश्वास दिलाया कि वह इस बारे में जांच करेगें।