धुएं से आसपास के घरों और दुकानों में फैल रहा प्रदूषण, लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की
खरड़। चंडीगढ़ रोड स्थित प्राचीन मंदिर की गौशाला के अंदर बने कूड़ेदान में बार-बार आग लगाने से आसपास के लोगों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। आग से उठने वाला धुआं आसपास की गलियों, घरों और दुकानों तक फैल रहा है। इससे लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और खांसी की शिकायत हो रही है। इससे पहले गौशाला में गोबर जलाने से उठा धुआं बंगाला बस्ती, पेट्रोल पंप और संत निरंकारी सत्संग भवन तक पहुंच गया था। मौके पर भी धुएं के कारण लोगों और बच्चों को आंखें मलते देखा गया। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार, गौशाला और मंदिर प्रबंधन को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।