जीरकपुर। नगर निगम चुनाव के दौरान मंगलवार को के-एरिया मोड़ से लेकर बलटाना रेलवे फाटक तक मुख्य सड़क पर दिनभर जाम लगा रहा। ट्रिब्यून कॉलोनी से रेलवे फाटक तक हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। यहां करीब 500 मीटर की दूरी तय करने में लोगों को 20 से 25 मिनट तक का समय लगा। भीषण गर्मी में जाम में फंसे राहगीरों के पसीने छूट गए। राहगीरों के अनुसार जाम की मुख्य वजह सड़क किनारे लगाए गए वोटर लिस्ट स्टॉल रहे। मतदान के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से लगाए गए इन स्टॉलों पर मतदाताओं की भीड़ जुटी रही। लोग वोटर सूची में नाम जांचने के लिए सड़क किनारे खड़े रहे और उनके वाहन भी रोड पर ही खड़े रहे, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
दिनभर मतदाताओं और नेताओं की आवाजाही के कारण बच्चों, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों का आरोप रहा कि जाम से राहत दिलाने के लिए मौके पर ट्रैफिक पुलिस भी नजर नहीं आई। राहगीर अरविंद सिंह ने बताया कि ट्रिब्यून कॉलोनी से बलटाना रेलवे फाटक तक स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर रही। इस मार्ग पर सिंह सभा गुरुद्वारे के पास स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्मार्ट स्कूल और वैशाली एन्क्लेव फेज-1 स्थित जीपी हाई स्कूल में पोलिंग बूथ बनाए गए थे, जिसके कारण भीड़ अधिक रही। हर भगवान मल्होत्रा ने कहा कि दिनभर मतदाताओं की आवाजाही के चलते यातायात प्रभावित रहा। बूथों के आसपास लोगों ने सड़क किनारे वाहन खड़े किए, क्योंकि पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। वहीं राहगीर जितेंद्र पाल सिंह ने कहा कि सड़क किनारे लगे वोटर लिस्ट स्टॉल जाम की सबसे बड़ी वजह बने। उन्होंने बताया कि 500 से 700 मीटर की दूरी तय करने में लोगों को आधे घंटे से ज्यादा का समय लग रहा था। संदीप गर्ग ने कहा कि चुनाव आयोग को पोलिंग बूथ तय करते समय यातायात व्यवस्था का भी ध्यान रखना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर पहले से अतिक्रमण की समस्या है और शाम के समय रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है।