मोहाली। साहिबजादा अजीत सिंह नगर यानी मोहाली अब मेडिकल सिटी के रूप में पहचान बनाता जा रहा है। यहां पर विश्वस्तरीय अस्पताल और इंस्टीट्यूट खुलने की वजह से लोगों को इलाज के लिए अब दूरदराज नहीं जाना पड़ता बल्कि अन्य राज्यों के मरीज मोहाली का रुख करने लगे हैं। न्यू चंडीगढ़ मुल्लांपुर में खुले होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में देशभर से मरीज आते हैं वहीं लिवर इंस्टीट्यूट और स्पाइनल सेंटर में भी एक्सपर्ट डॉक्टर्स लोगों का बेहतर इलाज कर रहे हैं।
इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज
पंजाब सरकार ने इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज मोहाली की स्थापना फेज-3बी1 में की है। यहां हेप्टोलॉजी, एचपीबी सर्जरी, रेडियोलॉजी एंड इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी, विभाग मुख्य हैं। एडवांस टेस्टिंग लैब भी है। इसमें लेबोरेटरी मेडिसिन, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, वीरोलॉजी, हेमाटोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, क्लीनिकल एंड सेलुलर ट्रांसप्लांट इम्यूनोलॉजी, जेनेटिक्स, ट्रांसफूज्यन मेडिसिन, एनेस्थीसिया एंड क्रिटिकल केयर, सुपर स्पेशयलिटी जैसी एडवांस सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं सेक्टर-70 में रीजनल स्पाइन इंजरी सेंटर 16 वर्ष से चल रहा है। अस्पताल में 50 कमरे और 100 डॉक्टर हैं। यहां पर हड्डी रोग से संबंधित मरीजों का इलाज किया जाता है। इस संस्थान में स्पेशलिस्ट डाॅक्टर ही बैठते हैं।
होमी भाभा कैंसर अस्पताल व रिसर्च सेंटर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 अगस्त 2022 को मोहाली के मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में होमी भाभा कैंसर अस्पताल व रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया था। अस्पताल का लाभ पंजाब के कैंसर पीड़ितों के साथ-साथ हरियाणा, हिमाचल, जम्मू एंड कश्मीर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के लोगों को भी हो रहा है। अस्पताल में आधुनिक मशीनों और लैब के माध्यम से मरीजों के टेस्ट किए जाते हैं। यहां मैमोग्राफी और कीमोथेरेपी, सीटी ब्रेन, एक्स-रे, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड काफी कम कीमत पर होते हैं।