जीरकपुर। गांव छत के एक मोहल्ले में सप्लाई किया जा रहा पानी काला और बदबूदार आ रहा है। गंदे पानी की सप्लाई के खिलाफ वाल्मीकि मंदिर वाले मोहल्लावासियों में रोष है। हरविंदर कौर, परमजीत कौर, जसवीर कौर, तजिंदर कौर, परमजीत कौर आदि ने बताया कि जलघर का पानी पीना तो दूर इसे नहाने और कपड़े धोने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, पानी में से बदबू आती है।
मोहल्लावासियों ने कहा कि उन्हें शक है कि वाटर सप्लाई के पानी में सीवरेज का पानी मिल रहा है। गांववासियों ने बताया कि जलघर की सफाई का बुरा हाल है। पानी स्टोर करने वाले टैंक के फिल्टर चाहे साफ हैं पर घास, झाड़ियों और पेड़ों के कारण जलघर जंगल बना हुआ है। लोगों ने मांग की है कि इस समस्या का जल्द से जल्द हल निकाला जाए।