नयागांव। स्थानीय निकाय विभाग की विजिलेंस टीम ने वीरवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नयागांव नगर परिषद में छापा मारकर सफाईकर्मियों की जांच की। इस दौरान नयागांव में सफाई का ठेका लेने वाली नई कंपनी एसएमआर के 11 कर्मचारी फर्जी पाए गए। जांच के दौरान ये कर्मचारी न तो अपने काम का स्थान बता सके और न ही सही वेतन। यही नहीं, जिन इलाकों में इनकी तैनाती थी, वहां पर कभी उन्होंने काम ही नहीं किया था। विजिलेंस टीम के मुखिया सीनियर विजिलेंस ऑफिसर (एसवीओ) सुधीर शर्मा एवं उनके साथ आए दो अन्य विजिलेंस अफसरों ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने कहा कि उनके विभाग को इस संबंधी शिकायत मिली थी, जिसके बाद उन्होंने दबिश दी। दोपहर में जांच के लिए पहुंची विजिलेंस टीम सीधे सैनिटेशन विभाग के सैनिटरी इंस्पेक्टर के पास पहुंची और ठेकेदार एवं परिषद के सफाई कर्मचारियों के हाजिरी के लिए लगाए गए रजिस्टर को अपने कब्जे में ले लिया। उसके बाद ठीक दो बजे जब सभी सफाई कर्मचारी दूसरी शिफ्ट के लिए परिषद में इकट्ठा हुए तो टीम ने उन्हें रोक लिया। परिषद के 61 और ठेकेदार के 61 कर्मियों को अलग-अलग खड़ा कर उनसे सवाल-जवाब किए।
अधिकारी अपने साथ कर्मियों के ड्यूटी रोस्टर की सूची भी ले आए थे। पूछताछ के दौरान परिषद के कर्मियों को ड्यूटी पर दुरुस्त पाया गया लेकिन ठेकेदार के 11 कर्मी अपनी ड्यूटी रोस्टर के हिसाब से काम नहीं बता सके। इसके बाद उनके नाम-पता पूछकर लिस्ट बना बनाई गई और उनसे आज की ड्यूटी कहां है आदि लिखवा कर साइन करवा कर टीम दस्तावेज अपने साथ ले गई। एसवीओ सुधीर शर्मा ने बताया कि वह इसकी रिपोर्ट बनाकर अपने विभाग को देंगे। इसके बाद विभाग की ओर से अगली कार्रवाई की जाएगी।