मोहाली। विजिलेंस ब्यूरो की एक टीम ने शौक के तौर पर पक्षी पालने वाली एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज करवाने की धमकी देकर पचास हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में वन विभाग के एक गार्ड को रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी की पहचान शिवजोत भुल्लर के रूप में हुई है। जो कि रोपड़ स्थित वन विभाग के दफ्तर में तैनात है। आरोपी पर भ्रष्टाचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। विजिलेंस के डीएसपी हरविंदरपाल सिंह ने बताया कि विजिलेंस को सिमरनदीप कौर निवासी मुुंडी खरड़ की तरफ से शिकायत दी गई थी कि उसने कुछ पक्षी अपने शौक के लिए पाले हुए थे। इस दौरान शिवजोत भुल्लर ने उसे फोन किया। साथ ही कहा कि वह वन विभाग का सुरक्षा गार्ड है। वहीं, उसके पास एक शिकायत आई। जिसमें उसका कहना था कि गलत तरीके से पक्षी पाल रखे हैं। वहीं, वह उसके खिलाफ केस दर्ज करवा देगा। इसके बाद वह काफी डर गई थी। इसके साथ ही उससे मामला रफा-दफा करने की बात कहीं। जिसके लिए वह तैयार हो गया। हालांकि उसका कहना था कि वह इस काम के लिए दो लाख रुपये लेगा। आखिर में उनमें एक लाख रुपये में डील हो गई। जिसके बाद उसने इस संबंधी विजिलेंस को शिकायत दी। इसके बाद विजिलेंस ने पूरी प्लानिंग के साथ ट्रैप लगाया। वहीं, इस दौरान आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए रणनीति बनाई गई। इसके बाद वह तय हुई रकम की पहली किश्त के रुपये देने जा रही थी। इस दौरान विजिलेंस ने ट्रैप लगाकर आरोपी को काबू कर लिया।