जीरकपुर। एयरोसिटी में सीनियर एडवोकेट के घर चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चोरों ने खराब मौसम और तूफान का फायदा उठाते हुए घर के ताले तोड़कर कीमती घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, सीनियर एडवोकेट अनिल मल्होत्रा का एयरोसिटी, जीरकपुर स्थित घर घटना के समय बंद था। 24 जनवरी को पड़ोसी ने फोन कर घर का गेट खुला होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि मुख्य गेट और अंदर के ताले टूटे हुए थे और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार, चोर गैस सिलेंडर, टीवी, म्यूजिक सिस्टम, किचन और बाथरूम की फिटिंग्स सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना जीरकपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।