मोहाली। शारदीय नवरात्र के समापन पर फेज-3बी1 स्थित श्री वैष्णो माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मां के भजनों और जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन कर मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने बताया कि सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक महिला संकीर्तन मंडली ने मां की महिमा का गुणगान किया। इसके बाद श्रीरामचरितमानस पाठ का भोग डाला गया। मंदिर कमेटी के सदस्यों ने कन्या पूजन कर कन्याओं का सम्मान किया और उनका आशीर्वाद लिया। शाम को मां की 108 ज्योतियों से महाआरती की गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां के जयकारे लगाए। आरती के बाद नारियल और चुनरी का प्रसाद वितरित किया गया। पूरे दिन मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों के चलते भक्तिमय माहौल बना रहा।