मोहाली। कोरोना से निपटने के लिए राज्य भर में 18 से 44 साल वाले लोगों में पंजीकृत निर्माण कार्य से जुड़े मजदूरों को टीका लगाया गया। स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने निजी तौर पर मोहाली में टीकाकरण की राज्य स्तरीय मुहिम शुरू करवाई। उन्होंने इस बात की सराहना की कि मोहाली टीकाकरण में राज्य भर में अग्रणी रहा है।
फेज-7 डिस्पेंसरी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि श्रम विभाग द्वारा दी गई सूची के अनुसार 18 से 44 आयु वर्ग में पंजीकृत मजदूरों और उनके पारिवारिक सदस्यों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के पहले पड़ाव में हेल्थ केयर वर्करों (एचसीडब्ल्यू) और फ्रंटलाइन वर्करों को कवर किया गया था। दूसरे चरण में बुजुर्गों और 45 साल से अधिक आयु के लोग शामिल थे। उच्च जोखिम वाले समूहों के बारे में सिद्धू ने कहा कि कुछ व्यवसायों में अन्य व्यक्तियों के साथ ज्यादा बातचीत होती है और संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए इस वर्ग के लिए 30 प्रतिशत खुराकों को आरक्षित किया गया है। जोखिम और पेशेवरों की सूची पहले ही विशेषज्ञों की ओर से पेश की जा चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया लिमिटेड से 30 लाख खुराकों का तुरंत ऑर्डर दिया गया है। मई महीने के लिए 18-44 साल के आयु वर्ग के लिए 4.29 लाख वैक्सीन उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसमें से अभी तक 1 लाख डोज मिली हैं।