मोहाली। गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह बुड्डा से नयागांव पुलिस ने यूएसए मेड 30. बोर स्नाइपर कार्बाइन गन बरामद कर ली है। वह फिरौती की वारदातों को अंजाम देने के लिए इसका इस्तेमाल करता था। उससे पास से तीस कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। इस गन के साथ ही वह फेसबुक पर अपनी फोटो पोस्ट करता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में कई और खुलासे होंगे।
जानकारी के मुताबिक गैंगस्टर सुखप्रीत बुड्ढा से कार्बाइन नयागांव में पड़ते गांव टांडी मसौल स्थित एक खंडहर से बरामद की है। यह अंडरवुड मार्का कंपनी की बनी हुई है। इसकी क्षमता एक किलोमीटर तक है। बता दें कि पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह उर्फ बुड्डा के आर्मेनिया से प्रत्यार्पण के बाद उसके 15 अपराधी साथियों को गिरफ्तार करके उनसे बड़ी संख्या में हथियार, नशीले पदार्थ और विदेशी नकदी जब्त की है। पता चला है कि आर्मेनिया से वापस लाने के समय बुड्डा अवैध रूप से अमेरिका जाने की फिराक में था। परमीश वर्मा पर हमला करने के बाद बुड्डा अप्रैल 2018 को पंजाब से यूएई भाग गया था। उसने यूएई, चीन, ईरान, रूस, थाईलैंड, इंडोनेशिया, जार्जिया और सिंगापुर आदि कई देशों की यात्राएं की हैं।
अब तक यह सामान हुआ रिकवर
बुड्डा की निशानदेही पर पुलिस ने एक कार्बाइन, 1 बुलेटप्रूफ जैकेट, 3 किलो अफीम, 7 व्हीकल, हथियार और कुल 13.80 लाख रुपये की नकदी और 1700 यूएस डॉलर उसके अन्य सहयोगियों से बरामद किए गए हैं।