जीरकपुर। पटियाला रोड स्थित छत लाइट प्वाइंट पर सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विकास कुमार निवासी प्रीत कॉलोनी डेराबस्सी के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता राहुल निवासी अमरपूरी काॅलोनी लालडू ने बताया कि वह किसी काम से जीरकपुर आया था। जैसे ही वह छत लाइट प्वाइंट पर रुका तो उसके सामने बनूड़ की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जब उसने नजदीक जाकर देखा तो वह उसकी बुआ का लड़का था। टक्कर के कारण उसे काफी गंभीर चोटें आई थी जिसे वह अपने मोटरसाइकिल पर बिठाकर डेराबस्सी सरकारी अस्पताल में ले गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी शिकायत उसने थाना जीरकपुर में दर्ज करवाई। मृतक विकास के शव को अस्पताल की मोर्चारी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।