जीरकपुर। बलटाना चौकी पुलिस ने दयाराम की शिकायत पर उसके ऊपर जानलेवा हमला करने के आरोप में करीब एक दर्जन हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने केस में आईपीसी की धारा 323, 341, 324, 148, 149 के तहत कार्रवाई कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। दयाराम निवासी नजदीक ट्रिब्यून कॉलोनी, बलटाना ने बताया कि वह मजदूरी करता है। शनिवार रात करीब 8 बजे जब वह घर से बाहर दुकान से सामान लेने निकला तो करीब एक दर्जन हमलावरों ने उस पर लाठी और डंडों से हमला कर दिया। एक हमलावर ने उसके सिर में डंडे और रॉड मारी और अन्य ने लातों से हमला किया। इसकी जानकारी मिलते ही मेरे घर के नजदीक रहते मेरे बहनोई ने मुझे छुड़वाने की कोशिश की तो हमलावर उस पर भी टूट पड़े। जैसे ही लोग यहां पर इकट्ठे होने लगे तो हमलावर फरार हो गए। इसके बाद परिजनों ने उसे ढकोली स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां उनकी गंभीर हालत देखकर उन्हें जीएमसीएच सेक्टर-32, चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। यहां दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दयाराम की शिकायत पर करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मुकेश और ठुकराल नामक दो व्यक्तियों में पुरानी रंजिश चल रही थी। इस कारण गलत फहमी में शिकायतकर्ता के साथ मारपीट हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है ।