जीरकपुर। नगर परिषद जीरकपुर के सफाई कर्मचारी यूनियन के सदस्यों सहित प्रधान प्रदीप सूद ने डीएसपी जीरकपुर को सोशल मीडिया पर झूठा प्रचार करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें लिखा है कि उनकी यूनियन के प्रधान प्रदीप सूद का दो माह से कुछ लोग सोशल मीडिया पर गलत प्रचार कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके चलते उनका परिवार डरा हुआ है। लिखित शिकायत में यूनियन ने आरोप लगाया कि बलवान, बृजपाल और रमन ने यह सब किया है और उन्हें मानसिक तौर पर परेशान किया जा रहा है। शिकायत में उन्होंने बताया कि नगर परिषद के तहत बृजपाल अस्थाई तौर पर सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा है। वह जहां काम करता है वहीं से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर देता है और प्रधान सूद के खिलाफ गलत प्रचार करता है। इस दौरान उन्होंने पुलिस से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से इन वीडियो को सोशल मीडिया से हटाया जाए और धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान शिकायत में लिखा है कि प्रदीप सूद या उनके परिवार को कुछ होता है तो उसकी जिम्मेदारी इन लोगों की होगी।