जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर स्थित सिंघपुरा चौक के नजदीक एक खंडहर पड़ी इमारत से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस को शव के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पहचान के लिए 72 घंटों तक डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। यह जीबीपी ग्रुप की इमारत है, जहां पहले भी तीन-चार अज्ञात शव मिल चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत का इस्तेमाल नशे के लिए होता है, पुलिस को इस पर ध्यान देना चाहिए। जांच अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि उन्हें लावारिस शव की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया पर कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने लोगों से शव की पहचान होने पर जीरकपुर पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।