मोहाली। रेलवे अंडरब्रिज में पानी भर जाने से करीब 20 गांवों को खरड़ से सीधा संपर्क टूट गया है। हाल ही में हुई भारी बारिश के चलते रंधावा रोड पर बने रेलवे अंडर ब्रिज में करीब 17 फीट पानी भर गया है। खेतों के पानी की निकासी भी अंडर ब्रिज की तरफ होने के कारण स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। वहीं प्रशासन ने अभी तक इस ओर कोई पहल नहीं की है। लोगों ने खरड़ नगर कौंसिल से पानी की निकासी के लिए पक्के तौर पर पंप लगाने की मांग की है।
भारतीय जनता पार्टी के जिला वाइस प्रधान नरिंदर सिंह राणा ने भी नगर कौंसिल से इस समस्या के समाधान की मांग की है। उन्होंने इस ओर ध्यान न देने पर नगर कौंसिल को लापरवाह ठहराया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को आ रहे परेशानी का हल जल्दी नहीं किया गया तो नगर कौंसिल के खिलाफ लोगों को संघर्ष करना पड़ेगा।
समस्या हल करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल अंडरब्रिज से पानी निकलवा दिया जाएगा। इसके बाद जल्द ही रेलवे अधिकारियों के साथ मीटिंग कर इस समस्या का पक्का हल किया जाएगा। -अंजू चंद्र, प्रधान नगर कौंसिल