फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: मोहाली सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड 200 से बढ़कर 250 रुपये, मरीजों में नाराजगी

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। मोहाली के फेज-6 सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की फीस बढ़ा दी गई है। यह शुल्क 200 रुपये से बढ़कर अब 250 रुपये हो गया है, जिससे मरीजों में नाराजगी है। मरीजों का कहना है कि इस वृद्धि से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
विज्ञापन




पंजाब सरकार ने हाल ही में सरकारी अस्पतालों में विभिन्न जांचों और स्वास्थ्य सेवाओं के यूजर चार्ज संशोधित किए हैं। मरीजों को उम्मीद थी कि सरकारी अस्पतालों में कम खर्च में इलाज मिलेगा। लेकिन बढ़ी हुई फीस से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्ग के मरीजों को परेशानी हो रही है। कई मरीजों ने बताया कि डॉक्टर की सलाह पर अल्ट्रासाउंड कराना उनकी मजबूरी है। जांच शुल्क बढ़ने से इलाज का कुल खर्च भी बढ़ जाता है। दवाइयों और अन्य जांचों पर पहले ही काफी राशि खर्च होती है। अब अल्ट्रासाउंड की बढ़ी फीस ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। मेडिकल कॉलेज के मनीष गुप्ता ने बताया कि पंजाब स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के अनुसार यूजर चार्ज संशोधित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मोहाली मेडिकल कॉलेज में पहले कई जांचों के शुल्क अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों की तुलना में कम थे। अब इन्हें विभाग की निर्धारित दरों के अनुरूप किया गया है।



मरीजों की आपत्तियां

रूपनगर निवासी पूजा ने बताया कि पेट दर्द के लिए अल्ट्रासाउंड कराना पड़ा। उन्हें पहले की तुलना में अधिक फीस चुकानी पड़ी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में सस्ती सेवाओं की उम्मीद रहती है। इसलिए शुल्क में बढ़ोतरी पर दोबारा विचार होना चाहिए।
विज्ञापन




अतिरिक्त आर्थिक बोझ

रूपनगर के सुरेश ने बताया कि उनका गुर्दे के संक्रमण का इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड जांच लिखी है, जिससे इलाज का खर्च बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक इलाज कराने वाले मरीजों के लिए यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। मनीष गुप्ता ने स्पष्ट किया कि शुल्क संशोधन के बावजूद सभी स्वास्थ्य सुविधाएं और जांच सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अस्पताल में आने वाले मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है। कई बार मरीज अधिक होने के कारण वेटिंग की स्थिति बन जाती है। जल्द ही इस समस्या का निदान किया जाएगा। रोजाना सौ से अधिक अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। - डॉ. करनवीर सिंह, डीएमएस, सिविल अस्पताल, फेज-6, मोहाली
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें