जीरकपुर। नगर परिषद चुनाव में वार्ड-18 से टिकट कटने के बाद डेराबस्सी हलका इंचार्ज दीपेंद्र सिंह ढिल्लों ने अपने बेटे उदयवीर ढिल्लों को वार्ड-12 से मैदान में उतारा है। उनके मुकाबले में अकाली दल से दिलबाग सिंह को टिकट मिली है। बुधवार को उदयवीर ढिल्लों ट्रैक्टर पर सवार होकर नामांकन पत्र दाखिल करवाने के लिए पहुंचे।
बता दें कि वार्ड-12 में यह दोनों नए चेहरे हैं जो पहली बार एमसी का चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले चुनाव की सरगर्मियां तेज होते ही उदयवीर ढिल्लों को वार्ड-18 से टिकट मिलने की चर्चा थी। एनके शर्मा ने ढिल्लों को चैलेंज दिया था, कि जहां से उदयवीर को टिकट मिलेगा, वहीं से वह अपने भाई धर्मेंद्र शर्मा को खड़ा करेंगे। लेकिन अंतिम समय तक कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी ही नहीं की और कांग्रेस अब अवतार सिंह को अपना प्रत्याशी चुन लिया है।
एनके शर्मा ने वार्ड-18 से अपने छोटे भाई धर्मेंद्र को उम्मीदवार चुना और नामांकन के दूसरे दिन अपने सारे उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। धर्मेंद्र शर्मा पहले भी चुनाव जीतकर एमसी बन चुके हैं, जबकि उनके मुकाबले में खड़े उम्मीदवार अवतार सिंह पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं।