खरड़। चोरी की बाइक पर कार का नंबर लगाकर घूम रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अनिकेत उर्फ अंकित निवासी खरड़ व अनिल उर्फ नील निवासी गांव बडाली के रूप में हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक चोरी की बाइक पर जाली नंबर लगाकर क्षेत्र में घूम रहे हैैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जब एक बाइक को रोककर कागजात जांचे तो बाइक पर लगा नंबर कार का निकला। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी अनिकेत के खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को खरड़ अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है।