संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। जीरकपुर पुलिस ने एक स्कूल शिक्षिका की शिकायत पर उससे सोने की चेन छीनने वाले दो अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बलटाना स्थित स्वामी एनक्लेव निवासी पूजा सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। 24 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह स्कूल से पैदल घर जा रही थी। जब वह मॉडर्न एनक्लेव पहुंची तो स्कूटी पर आए दो युवकों ने गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। उन्होंने बताया कि चेन का वजन करीब ढाई तोले का था। उन्होंने बताया कि स्कूटी के आगे या पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं थी। घटना के तुरंत बाद वह बलटाना पुलिस चौकी आईं और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उस रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।