संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पहले मामले में थाना सोहाना पुलिस ने कार से हेरोइन बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में दो युवकों को नशा करने के आरोप में काबू किया गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार को एसआई तलविंदर सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। जब पुलिस पार्टी सेक्टर-107 स्थित यूनिहोम्स यूनिटेक बिल्डिंग के पास पहुंची तो सड़क किनारे खड़ी एक सिल्वर रंग की कार में दो युवक बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों ने कार लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सुरिंदर सिंह उर्फ छिंदा निवासी गांव भागोमाजरा और जतिंदर सिंह उर्फ बॉबी निवासी गांव रायपुर कला, जिला मोहाली के रूप में हुई।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड से एक पारदर्शी लिफाफे में हेरोइन बरामद हुई। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर यह हेरोइन पाई गई, जिसका वजन लिफाफे सहित करीब 5 ग्राम निकला। पुलिस ने नशे को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।