जीरकपुर। रविवार की रात दो अलग-अलग हादसों में दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और दोनों गाड़ियों के चालक सही सलामत हैं। रात करीब साढ़े 12 बजे एक स्कॉर्पियो गाड़ी चंडीगढ़ से डेराबस्सी जा रही थी। जैसे ही गाड़ी पटियाला चौक पार करके कोहिनूर ढाबे के पास पहुंची तो चालक सुरिंदर को नींद आने से छपकी लग गई और उसकी गाड़ी फ्लाईओवर के पिलर से टकरा गई।
इससे गाड़ी के दोनों एयर बैग खुल गए और चालक सुरिंदर सिंह को ज्यादा चोट लगने से बचाव हो गया। चालक ने बताया कि वह ढाबे पर खाना खाने जा रहा था तो अचानक नींद आने से यह हादसा हो गया। वहीं, इसी रात दूसरे मामले में करीब 11 बजे हरियाणा नंबर की क्रेटा कार जीरकपुर से पंचकूला जा रही थी तो जैसे ही बलटाना लाइट पॉइंट पर बन रहे फ्लाईओवर पर पहुंची और नीचे उतरते समय अंधेरे में सड़क किनारे रखे सीमेंट के अस्थायी डिवाइडर से टकरा गई।
इससे गाड़ी के आगे का हिस्सा डेमेज हो गया। इसके बाद वह क्षतिग्रस्त गाड़ी को वहीं छोड़कर किसी जानकार को बुलाकर उसके साथ पंचकूला चला गया।