तेज आवाज में गाने बजाने के आरोप में दो ट्रैक्टर जब्त
ट्रैक्टरों पर तेज आवाज में गाना बजाकर हुल्लड़बाजी करते थे युवा
संवाद न्यूज एजेंसी
डेराबस्सी। ट्रैक्टरों पर तेज आवाज में गाना बजाकर ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने ऐसे दो ट्रैक्टरों के चालकों का चालान कर वाहनों को जब्त कर लिया है। एएसपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया ने कहा कि पिछले दिनों देखा गया था कि ट्रैक्टरों पर झुंड बनाकर कुछ युवा इलाके में दहशत फैलाते थे। इनकी ओर से जहां ऊंची आवाज में म्यूजिक चलाकर ध्वनि प्रदूषण किया जाता था। वहीं इनकी ओर से इलाके की कॉलोनियों, सोसायटियों, गलियों व सड़कों पर हुल्लड़बाजी की जाती थी। इस बारे में अक्सर नाकाबंदी दौरान इन्हें ऐसा न करने की चेतावनी भी दी गई थी लेकिन इसके बावजूद यह बाज नहीं आ रहे थे। इनकी ओर से ट्रैक्टरों पर बड़े बड़े स्पीकर लगाकर गाने बजाए जाते थे जिस कारण राहगीरों को भी काफी परेशानी आती थी। अब इनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी जिसके लिए सब डिवीजन के अधीन आने वाले डेराबस्सी, लालड़ू व हंडेसरा पुलिस थानों के प्रभारियों व चौकियों के इंचार्ज को हिदायत कर दी है। अभी डेराबस्सी पुलिस ने दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है।