मोहाली। त्योहारों का मौसम पास आते ही एक बार फिर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के लोग सक्रिय हो गए हैं। ऐसे ही एक गिरोह ने थाना फेज-1 के एसएचओ मनफूल सिंह का फर्जी फेसबुक आईडी बनाया। इसके बाद उनकी फ्रेंड लिस्ट में शामिल मित्रों को घर में किसी के बीमार होने के नाम पर पैसे मांगे गए। लेकिन किसी को इस बात पर विश्वास नहीं हो रहा था। इसी बीच बात एसएचओ तक पहुंची और उन्होंने तुरंत मामले को उच्च अधिकारियों के ध्यान में लाया। इसके बाद आरोपियों पर थाना फेज-1 में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस के हाथ लगे दस्तावेजों से पता चला है कि आरोपी राजस्थान और बिहार से पूरी गेम कर रहे थे। पुलिस की टीमें आरोपियों को काबू करने के लिए रवाना हो गई। उम्मीद है कि जल्दी ही केस हल कर लिया जाएगा।
इस संबंधी थाना फेज-1 के एसएचओ मनफूल सिंह ने बताया कि उनके कुछ मित्रों के फोन आए थे। उनका कहना था कि उन्हें किसी प्रकार की मुश्किल है। इसी बीच उन्हें पता चला है कि उनके नाम से एक फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया गया था। उसमें उनके नाम और फोटो इस्तेमाल की गई थी। इसके बाद उनके मित्रों से फ्रेंड रिक्वेस्ट की गई थी। इस दौरान उन्होंने उनके मित्रों से 10-15 हजार मांगे थे। इस संबंधी उन्होंने बाकायदा गूूगल पे-अकाउंट तक दिया हुआ था। हालांकि जिन दोस्तों से पैसे मांगे गए थे, वह एक दिन पहले उनके साथ ही थे। ऐसे में मामला सामने आने के बाद पड़ताल शुरू की गई। इस दौरान आरोपियों के बारे में काफी अहम जानकारियां हाथ लगी। इस संबंधी उनकी तरफ से इस बारे में फेसबुक को भी पत्र लिखा गया। एसएचओ ने लोगों से कहा कि ऐसे ठगों से बच कर रहेें। अगर किसी को इस तरह मैसेज, मेल आदि आता है तो पहले उसकी पड़ताल कर लें। इसके अलावा अपने सभी फेसबुक, मेल यहां तक कि एटीएम के पासवर्ड बदलते रहे। डेट ऑफ बर्थ जैसी चीजों को पासवर्ड न रखें।