जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक मंगलवार रात करीब सात बजे खड़े एक दंपती का बाइक सवार दो झपटमार युवक मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। यहां पर दंपती कैब बुक करने के लिए खड़ा था। पीड़ित दंपती ने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी है। शिकायतकर्ता राजेश कुमार निवासी मोना ग्रीन-2 गाजीपुर रोड ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ जीरकपुर में किसी काम से आए हुए थे। जब शाम को करीब 7 बजे वह अपने घर जाने के लिए सड़क किनारे खड़े होकर कैब बुक कर रहे थे तो तभी एक बाइक पर सवार दो युवक आए और उनका मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए। उन्होंने काफी शोर भी मचाया, लेकिन दोनों झपटमार तेजी से फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने शिकायत पुलिस को दी है। राजेश कुमार ने बताया कि उनका मोबाइल फोन वन-प्लस कंपनी का था और उसमें दो सिम चल रहे थे। उन्होंने बताया कि दोनों युवक गाजीपुर रोड की तरफ फरार हुए हैं, यदि उस साइड के सीसीटीवी चेक किए जाएं तो उनका पता लगाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी वारदातों से बचने के लिए लोगों को खुद सतर्क रहना पड़ेगा। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत के बाद दोनों झपटमारों की तलाश शुरू कर दी है।