जीरकपुर। पटियाला रोड पर स्थित फेडरल बैंक के सामने दो लुटेरे एक व्यक्ति से मारुती बलीनो कार छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता प्रमोद कुमार निवासी सेक्टर 20 पंचकूला ने बताया कि 24 मई की रात करीब पौने 12 बजे वह पटियाला रोड फेडरल बैंक के बाहर खड़ा था। इस दौरान दो युवक आए और कार को अपनी बताकर साथ झगड़ा करने लगे। जिसके बाद एक युवक जबरदस्ती उसकी कार में बैठ गया और कार लेकर पटियाला की तरफ फरार हो गया। जबकि दूसरा व्यक्ति जीरकपुर की तरफ पैदल भाग गया। जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी तो पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 379 बी के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता प्रमोद कुमार का पिता ओम प्रकाश कुरुक्षेत्र हरियाणा में बतौर डीएसपी तैनात है। पुलिस उस एंगल से भी जांच कर रही है।