जीरकपुर। अंबाला से लौट रहे एक फाइनांस कारोबारी को युवकों को लिफ्ट देना महंगा पड़ गया। रास्ते में दो युवक सोने की चेन झपटकर भाग गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गुरप्रीत सिंह (36) निवासी सेक्टर-117 मोहाली मूल निवासी गांव नियामतपुर, तहसील राजपुरा जिला पटियाला ने थाना जीरकपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी की रात करीब 11:50 बजे वह अंबाला से लौट रहे थे। अंबाला बस स्टैंड के पास दो युवकों ने जीरकपुर तक लिफ्ट मांगी। उन्होंने युवकों को वाहन में बैठा लिया। पटियाला चौक के पास पहुंचने पर एक युवक ने उनकी बाजू पकड़ ली, जबकि दूसरे ने गले में पड़ी करीब दो तोले वजनी सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। एक आरोपी को लोगों ने पकड़ भी लिया, लेकिन वह अपने को छुड़ाकर भाग गया। पीड़ित ने आरोपियों की पहचान रविंदर सिंह और गौरव के रूप में बताई है। उसका कहना है कि सामने आने पर वह उनको पहचान सकता है। थाना जीरकपुर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इससे पहले भी जीरकपुर में लिफ्ट देकर लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बीते वर्ष पटियाला चौक के नजदीक ही एक व्यक्ति से नकदी और मोबाइल झपटने का मामला दर्ज हुआ था।