जीरकपुर। थार सवार दो लोगों ने स्वयं को पुलिस कर्मचारी बताकर एक युवक से सोने की चेन लूट ली। साउथ सिटी स्थित वीआईपी रोड के पास हुई वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शिमला के गांव चालन निवासी अंशुल वर्तमान में जीरकपुर में रहता है। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को वह अपनी कार धुलवाने जा रहा था। जब वह वीआईपी रोड साउथ सिटी के पास पहुंचा तो एक काले रंग की थार गाड़ी आकर रुकी। उसमें से दो युवक उतरे। उन्होंने खुद को पुलिस कर्मचारी बताया। वे दोनों उसकी कार में जबरन बैठ गए। इसके बाद उसके गले से सोने की चेन खींचकर वे भाग गए। अंशुल ने शोर मचाया तो मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए। उसने थार का नंबर पीबी-91एफ-0082 नोट किया। तलाश करने के बाद भी गाड़ी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी। एएसआई राज कुमार ने बताया कि इस मामले में धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।