मोहाली। एनआरआई की पैतृक संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रचने के मामले में पंजाब पुलिस की एनआरआई विंग ने सख्त कार्रवाई कर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कनाडा निवासी जसकीरत सिंह टिवाणा की शिकायत पर फर्जी एग्रीमेंट टू सेल तैयार कर जमीन हड़पने का प्रयास करने वाले दो आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई हुई है। जसकीरत सिंह टिवाणा निवासी गांव रघोड़ा खुर्द, तहसील अमलोह जिला फतेहगढ़ साहिब ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एनआरआई विंग पंजाब के पास शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वह एनआरआई है और हाल ही में अपनी शादी के सिलसिले में भारत आया हुआ है।
उसकी पैतृक जमीन उसके पिता हरविंदर सिंह के नाम पर दर्ज है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुलदीप सिंह निवासी घुम्मन नगर, पटियाला और मनप्रीत सिंह टिवाणा निवासी गांव रघोड़ा खुर्द ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर जमीन को हड़पने की नीयत से फर्जी और मनगढ़ंत एग्रीमेंट टू सेल तैयार किया। न तो शिकायतकर्ता और न ही उसके पिता ने किसी तरह का समझौता किया है। आरोपियों ने परिवार को धमकियां भी दी, जिससे शिकायतकर्ता को अपनी जान-माल और संपत्ति को लेकर गंभीर खतरा महसूस हो रहा था। मामले की प्राथमिक जांच थाना एनआरआई मोहाली ने की।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एडीजीपी एनआरआई विंग ने एफआईआर दर्ज करने की मंजूरी दी। इसके बाद कुलदीप सिंह और मनप्रीत सिंह टिवाणा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई राज कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जमीन हड़पने के प्रयास की गहनता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।