दो लोगों ने अपने ही पार्टनर से ठगे 6.63 करोड़, बेटे ने की कार्रवाई की मांग
तीनों ने मिलकर सेक्टर-90 में फैशन टेक्नोलॉजी नाम से शुरू किया था एक प्रोजेक्ट
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। शहर के सेक्टर-90 में फैशन टेक्नोलॉजी पार्क के नाम से बनाए जा रहे मेगा प्रोजेक्ट के तीन में से दो पार्टनर्स ने अपने तीसरे पार्टनर के साथ धोखाधड़ी कर उसका शेयर हड़पने के आरोप लगाए हैं। एक बिल्डर और बैंक अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर करीब 6.63 करोड़ रुपये के चेक अपने ही खातों में जमा करवा लिए। पीड़ित ने बताया कि उन्हें ठगी का तब पता चला जब बैंक जाकर पता किया तो वहां पर बताया गया कि आपका तो कोई खाता ही नहीं है। यह बात फेज-1 निवासी प्रितपाल सिंह मान ने कही।
उन्होंने बताया उनके पिता हरदयाल सिंह मान, गुरशरण बतरा तथा सुमेश चावला की तरफ से मिलकर सेक्टर-90 में फैशन टेक्नोलॉजी नाम से एक प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। कुछ समय बाद उनके पिता को उनके दो पार्टनर्स गुरशरण बतरा और सुमेश चावला ने कहा कि प्रोजेक्ट नुकसान में जा रहा है इसलिए अभी इसे बेच देते हैं ताकि कुछ भरपाई हो सके। इस पर वो मान गए। ऐसे में दोनों पार्टनर्स ने मोना टाउनशिप के बिल्डर्स तेजिंदर पाल सेतिया, हिमानी सेतिया, सागर सेतिया और आकाश सेतिया को यह प्रोजेक्ट बेच दिया। इस प्रोजेक्ट को बेचने के लिए एक पार्टनर का हिस्सा करीब 6.63 करोड़ रुपये बनता था। दोनों पार्टनर्स ने मिलीभगत कर उनके हिस्से के 6.63 करोड़ रुपये अपने खातों में पैसे डलवा लिए।
बैंक में पता किया तो उनके नाम का खाता ही नहीं था
हरदियाल मान के बेटे प्रितपाल सिंह मान ने फेज-पांच में पत्रकार वार्ता करके कहा कि जब उन्हें बाहर से कुछ बातें पता चलने लगी कि उनके साथ धोखा हो रहा है तो उन्होंने जाकर बैंक में पता किया। उन्हें बताया गया था कि आईसीआईसीआई बैंक में खाता खोला है। वहां जाकर पता चला कि उस बैंक में खाता ही नहीं था। फिर पता चला कि एचडीएफसी बैंक में खाता खोला है वहां गए तो पता चला कि पिताजी के नाम से खाता नहीं है बल्कि अन्य दोनों पार्टनर्स का खाता है। साथ ही बैंक ने खाते की स्टेटमेंट देने से भी मना कर दिया। फिर उन्होंने किसी तरह स्टेटमेंट निकलवाई तो पता चला कि दोनों पार्टनर्स ने मोना टाउनशिप के बिल्डर से पैसे लेकर अपने खातों में चेक कैश करवा लिए हैं। साथ ही वह सारा पैसा वापस मोना टाउनशिप के खाते में चला गया। प्रितपाल सिंह मान ने बताया कि ऐसा करके दोनों पार्टनर्स ने बैंक अधिकारियों और बिल्डर के साथ मिलकर उनके साथ ठगी की है। प्रितपाल ने बताया कि 2021 में इस सदमे के कारण उनकी माता और 2022 में उनके पिता नुकसान और पत्नी के गम में स्वर्ग सिधार गए।
पुलिस को दी शिकायत लेकिन कोई कार्रवाई नहीं
प्रितपाल सिंह मान ने बताया कि पिता की मौत के बाद उन्होंने डीआईजी रोपड़ रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर को शिकायत दी थी। इसकी जांच एसपी नवरीत विर्क को सौंपी गई थी। वहां पर उनके बयान भी दर्ज हुए और आरोपियों को नोटिस भेज तथा फोन कर पुलिस ने बुलाया भी था। उसके बाद से अब आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रितपाल ने कहा कि इस मामले को पूरी तरह से दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोट
इस धोखाधड़ी के मामले संबंधी शिकायत आई है। इस संबंध में दूसरे पक्ष को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अभी वह जांच में नहीं पहुंचे हैं। -नवरीत सिंह विर्क, एसपी ग्रामीण