डेराबस्सी। शहर की सड़कों पर दौड़ रहे टिप्पर आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। बेलगाम दौड़ रहे इन टिप्परों की चपेट में आकर कई लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद इन बेलगाम टिप्परों को रोकने में प्रशासन असफल है। शनिवार को भी मुबारिकपुर-सूंडरा मार्ग पर एक तेज रफ्तार टिप्पर की चपेट में आकर बाइक सवार तीन युवक जख्मी हो गए। इनमें से दो मुकेश और गोविंद की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें डेराबस्सी सिविल अस्पताल से जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में रेफर कर दिया गया है। बाइक सवार तीसरे युवक गोविंद को भी सिर में चोट आई है। गोविंद ने बताया कि वे तीनों सूंडरा मार्ग पर स्थित भट्टे पर काम करते हैं। वे काम से बाइक पर सूंडरा से मुबारिकपुर की ओर आ रहे थे। बाइक मुकेश चला रहा था, बीच में आनंद और पीछे गोविंद बैठा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार टिप्पर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बाइक चालक मुकेश की टांग टूट गई और बीच में बैठे आनंद के सिर में गंभीर चोट आई है, तीसरे सवार गोविंद को भी सिर में चोट लगी आई है। पुलिस ने टिप्पर कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।