मोहाली। श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित आरोग्य मेले का रविवार को समापन हो गया। पंजाब सरकार के मिशन तंदुरुस्त पंजाब के तहत करवाए गए इस मेले के समापन समारोह में गुरु रविदास आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी होशियारपुर के वीसी डॉ. बीके शर्मा ने मुख्य मेहमान के तौर पर शिरकत की। यूनिवर्सिटी के ही रजिस्ट्रार डॉ. तेजिंदर सिंह विशेष मेहमान रहे।
समापन समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। मुख्य मेहमान ने अपने संबोधन में इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कुदरत के साथ तालमेल बिठाकर जीवन सहज और निरोगी रहकर जिया जा सकता है। समापन समारोह में ज्वांइट डायरेक्टर डॉ. बख्शीश सिंह, ज्वांइट डायरेक्टर डॉ. नेकी वर्मा, सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज पटियाला के प्रिंसिपल डॉ. हरविंदर ग्रोवर, डीएचओ डॉ. नीरजा शर्मा, डॉ. केके चोपड़ा व डॉ. विक्रम गोयल भी खास तौर पर पहुंचे। डायरेक्ट आयुर्वेद पंजाब डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि पंजाब में 50 बेड वाले दो नए आयुष अस्पताल खोले जाएंगे। आयुर्वेद के जरिए गंभीर बिमारियों का इलाज संभव है। थैलेसीमिया जैसी गंभीर बिमारी के इलाज में आयुर्वेद पद्धति बहुत ही कारगर है।
एमडी मनोविज्ञान डॉ. विक्रम गोयल ने मानसिक रोगों से निपटने के लिए योग के महत्व के बारे में बताया। आरोग्य मेले में आने वाले लोगों को उपचार के लिए इस्तेमाल में आने वाली जड़ी-बूटियों के पौधे भी वितरित किए गए। तीन दिन चले इस मेले के दौरान 1578 मरीज आयुर्वैदिक डॉक्टरों के पास, 310 यूनानी डॉक्टरों के पास व 527 होम्योपैथी डॉक्टरों के पास आए। जांच के बाद उन्हें मुफ्त दवाएं भी दी गईं, यहां आने वाले लोगों को योग को अपनी नियमित जीवन शैली में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान आयुर्वेदिक, यूनानी व होम्योपैथी डॉक्टर्स ने इस मेले के दौरान अलग-अलग विषयों पर लेक्चर भी दिए। मेले के दौरान कई प्राइवेट आयुर्वेदिक व होम्योपैथी फार्मेसियों ने अपने स्टाल लगाकर लोगों को बाजार में उपलब्ध दवाओं की जानकारी दी। मेले का समापन सारस्वती आयुर्वेदिक कॉलेज के स्टूडेंट्स द्वारा पेश किए गए सभ्याचारक प्रोग्राम के साथ हुआ।