मोहाली। निहंगों के वेश में आए दो बदमाशों ने तलवार की नोक पर राहगीरों से पैसे छीने और थप्पड़ जड़कर भाग गए। इसके बाद पीड़ितों ने दोनों बदमाशों की पहचान कर पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज करवाया है। आरोपियों की पहचान निहंग के वेश में आए गुरबिंदर सिंह निवासी गांव सुरपुरी जैतों फरीदकोट और अनिल कुमार उर्फ सूरज सिंह निवासी लोधीपुर श्री आनंदपुर साहिब के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों के खिलाफ सेक्टर-78 निवासी संजय चाजड़िया की शिकायत पर सोहाना थाने में केस दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह पशु पालन विभाग में नौकरी करते हैं। मंगलवार रात 9 बजे दोस्त एस दहिया और विकास कुमार के साथ घर के पास गुरु नानक स्वीट्स के पीछे पार्किंग में सिगरेट पी रहे थे। तभी निहंग के वेश में दो लोग आए और सिगरेट पीने से रोकते हुए गालियां देनी शुरू कर दी, इसके साथ ही मुंह पर थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद दोनों बदमाशों ने तलवार और गतारा निकालकर दिखाते हुए उनसे पैसे मांगे। जब पैसे देने से मना किया तो दोबारा से पीटा और जेब से जबरदस्ती 800 रुपये निकाल लिए। उन्हें धमकी दी कि अगर दोबारा इलाके में दिखे तो और ज्यादा पीटेंगे। इसके बाद धक्के देकर दोनों वहां से भाग गए।
इसके बाद संजय ने अपने तौर पर इनकी तलाश करके पता लगाया तो सामने आया कि इससे पहले भी गुरबिंदर सिंह और अनिल कुमार उनके इलाके में लोगों से जबरन पैसे छीनकर ले गए थे। दोनों की पहचान करके उनके खिलाफ पुलिस को शिकायत दी और केस दर्ज करवाया। उन्होंने बताया कि यह कोई निहंग नहीं हैं बल्कि निहंगों के वेश में लोगों से लूटपाट कर रहे हैं।