ढकोली। ढकोली पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह के दो गुर्गों को काबू कर तीन बाइक बरामद की हैं। इस गिरोह में चार शातिर शामिल हैं। इसमें दो की गिरफ्तारी बाकी है। आरोपी दिन और रात के समय बंद पड़े घरों, पार्किंग में खड़े वाहनों की चोरी करते थे। इससे पहले वह रेकी करते थे। आरोपियों के खिलाफ ढकोली थाने में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी 24 वर्षीय कुनाल कुमार निवासी गांव भांखरपुर डेराबस्सी और 21 वर्षीय विशाल निवासी गांव मुबारिकपुर डेराबस्सी हैं।
ढकोली थाने के एसएचओ सिमरजीत सिंह शेरगिल ने बताया कि 16 जून को करीब 9 बजे पोपिंग आर्यन रिटरो जिम ढकोली के सामने बनी पार्किंग में खड़े सुरिंदर कुमार निवासी एमएस एनक्लेव ढकोली की मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना मिली थी। इसके बाद 12 जुलाई को ढकोली थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद उक्त दोनों आरोपियों को नाकेबंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी रिकवर किए गए।